माउंट लिट्रा जी स्कूल में दो दिवसीय पैरेंट्स ओरियंटेशन प्रोग्राम संपन्न
- Post By Admin on Dec 28 2024
 
                    
                    लखीसराय : जिले के दामोदरपुर स्थित माउंट लिट्रा जी स्कूल में दो दिवसीय पैरेंट्स ओरियंटेशन प्रोग्राम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसमें बच्चों के माता-पिता को उनकी शिक्षा और समग्र विकास से जुड़ी विशेष जानकारियां प्रदान की गईं।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ज़ी लर्न की पूर्व क्लस्टर स्कूल डायरेक्टर जेबा तसलीम थीं, जिन्होंने शिक्षण से जुड़े विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं। कार्यक्रम का संचालन भी उनके नेतृत्व में हुआ। प्रथम दिवस नर्सरी से कक्षा 2 तक के बच्चों के सर्वांगीण विकास पर चर्चा हुई। जेबा तसलीम ने जी-लर्न की पेंटामाइंड कॉन्सेप्ट पर जोर देते हुए गतिविधि-आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने बताया कि यह शिक्षण पद्धति बच्चों में जिज्ञासा और रुचि बढ़ाने में सहायक है।
खेल और अन्य इंटरैक्टिव गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की शिक्षा को सरल और रोचक बनाने पर बल दिया गया। वहीं, दूसरे दिन कक्षा 3 से 8 तक के छात्रों में सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने पर चर्चा की गई। राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा (एनसीएफ) और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के व्यापक उद्देश्यों पर प्रकाश डाला गया। इसमें छात्रों को शैक्षणिक ज्ञान के साथ कौशल विकास और समग्र व्यक्तित्व निर्माण पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के दौरान माता-पिता ने बच्चों की पढ़ाई और विकास से जुड़े सवाल पूछकर अपने संदेह दूर किए। विद्यालय के चेयरमैन संजीव कुमार स्नेही ने बच्चों की अनोखी क्षमताओं को पहचानने और उन्हें आत्मविश्वास से भरने पर बल दिया।
सचिव विजेता स्नेही ने भी बच्चों में सकारात्मक सोच और जटिल विचारों को समझने की क्षमता विकसित करने की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम में उप चेयरमैन रंजन कुमार स्नेही, प्रिंसिपल अनूप कुमार डे, रिलेशनशिप मैनेजर पवन कुमार, शिक्षक आशीष कुमार गुप्ता, मनीष कुमार, बिट्टू कुमार, संदीप कुमार, दीपक कुमार और शिक्षिकाएं दीपशिखा कुमारी, श्रुति राज, जयश्री कुमारी, शबनम प्रवीण, नेहा कुमारी व मयंक कुमारी उपस्थित रहीं।