मोदी कैबिनेट ने डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर पारित किया शोक प्रस्ताव

  • Post By Admin on Dec 28 2024
मोदी कैबिनेट ने डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर पारित किया शोक प्रस्ताव

मुजफ्फरपुर : पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया। जिलाध्यक्ष रंजन कुमार ने बीते शुक्रवार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ने ऐसे कठिन समय में केंद्रीय वित्त मंत्री के रूप में भारतीय अर्थव्यवस्था की बागडोर संभाली थी, जब देश आर्थिक संकट से जूझ रहा था। उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह का योगदान असाधारण था और उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था को एक नई दिशा दी।

रंजन कुमार ने उन्हें ‘आधुनिक निर्माता और सुधारक’ के रूप में याद किया, जो भारतीय मूल्यों और संस्कारों से गहरे जुड़े थे। रंजन कुमार ने कहा, “मनमोहन सिंह ने हमेशा विनम्रता का परिचय दिया और उन्होंने कभी भी असंसदीय शब्दों का प्रयोग नहीं किया। उनका निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति है। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले और शोक संतप्त परिवार और देशवासियों को संबल मिले।” भाजपा के जिला मंत्री धनंजय झा ने भी डॉ. मनमोहन सिंह के निधन को देश के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा, “डॉ. सिंह ने हमारे राष्ट्रीय जीवन पर अपनी अमिट छाप छोड़ी है और उनका जाना देश के लिए एक गहरा सदमा है।"

महिला मोर्चा अध्यक्ष राशि खत्री और ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष विकास गुप्ता ने भी डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया और उन्हें याद करते हुए उनके योगदान को सराहा। विकास गुप्ता ने कहा कि डॉ. सिंह को भारत सरकार द्वारा ‘पद्म विभूषण’ जैसे कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था जो उनकी महानता का प्रतीक है। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मोदी कैबिनेट ने डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक प्रस्ताव पारित किया। कैबिनेट ने उनके सम्मान में 1 जनवरी 2025 तक सात दिनों का राजकीय शोक घोषित किया है। इस शोक अवधि में देश भर में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। उनके अंतिम संस्कार को राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा और केंद्र सरकार के सभी कार्यालयों एवं केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों में आधे दिन का अवकाश घोषित किया जाएगा। जिला पदाधिकारी और पार्टी के अन्य नेताओं ने भी इस मौके पर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया।