संसद परिसर में तीखी नोकझोंक : राहुल गांधी ने कहा गद्दार तो बिट्टू ने बताया देश का दुश्मन

  • Post By Admin on Feb 04 2026
संसद परिसर में तीखी नोकझोंक : राहुल गांधी ने कहा गद्दार तो बिट्टू ने बताया देश का दुश्मन

नई दिल्ली : संसद परिसर में बुधवार को कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी तथा केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। यह टकराव उस समय हुआ, जब कांग्रेस सांसद संसद के मकर द्वार पर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान जब केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू वहां से गुजर रहे थे, तो राहुल गांधी ने उन्हें कथित तौर पर “गद्दार” कहकर संबोधित किया। राहुल गांधी ने हाथ मिलाने की कोशिश करते हुए कहा, “नमस्ते भाई, मेरे गद्दार दोस्त। चिंता मत करो, तुम वापस कांग्रेस में आ जाओगे।”

राहुल गांधी की इस टिप्पणी पर रवनीत सिंह बिट्टू भड़क गए और उन्होंने हाथ मिलाने से इनकार करते हुए पलटवार किया। बिट्टू ने कहा कि राहुल गांधी “देश के दुश्मन” हैं और इस तरह की भाषा राजनीति के स्तर को गिराने वाली है। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच कुछ देर तक तीखी बहस होती रही, हालांकि मौजूद सुरक्षाकर्मियों और अन्य नेताओं के हस्तक्षेप से स्थिति संभाल ली गई।

घटना के बाद संसद के गलियारों में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस और भाजपा नेताओं ने एक-दूसरे पर तीखे आरोप लगाए हैं। संसद परिसर में हुई इस नोकझोंक ने सियासी माहौल को और अधिक गर्मा दिया है और दोनों दलों के बीच तनाव और बढ़ गया है।