मुजफ्फरपुर : रूपवाड़ा मडवन फेड फार्मर्स प्रोड्यूसर कम्पनी लिमिटेड, अब तेजस्वी किसान मार्ट के तहत एक विशेष अभियान शुरू करने जा रहा है। यह स्टोर आगामी 3 दिसंबर को मुजफ्फरपुर जिले के पहाड़पुर पेठिया, कांटी में उद्घाटन किया जाएगा। यह आयोजन यूनिवर्सल सोनांचळ फार्मर एसोसिएशन और तेजस्वी संगठन न्यास के आपसी सहयोग से संचालित होगा।
तेजस्वी किसान मार्ट का उद्देश्य :
तेजस्वी किसान मार्ट का मुख्य उद्देश्य उत्पादक से उपभोक्ता के बीच की दूरी को कम करना है। इसके माध्यम से किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उचित कीमत पर उपलब्ध कराए जाएंगे। इस विशेष पहल के तहत 200 से अधिक किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के उत्पाद एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे। इस स्टोर का उद्घाटन 3 दिसंबर को होने वाला है और इस कार्यक्रम में 12 राज्यों के एफपीओ प्रतिनिधि अपनी सहभागिता करेंगे।
संचालन समिति और महत्वपूर्ण नाम :
इस विशेष परियोजना के संचालन के लिए एक समिति का गठन किया गया है। जिसमें प्रमुख रूप से महंत मृत्युंजय दास को चुना गया है। अन्य सदस्य जो इस परियोजना में भाग लेंगे, उसमें वैशाली के बुढ़िया मईया एग्रो फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के सुनील सुमन, मुजफ्फरपुर के मड़वन के मुज मड़वन फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के भाग्य नारायण राय, ई मड़वन फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के उमेश राम, मुजफ्फरपुर के सकरा के युवा खेतिहर फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के हर्षवर्धन मिश्रा शामिल हैं।
स्टोर का महत्व और विस्तार योजना :
तेजस्वी किसान मार्ट के संचालन समिति के प्रमुख ने कहा कि यह बिहार और मुजफ्फरपुर वासियों के लिए गर्व की बात है कि इस स्टोर का उद्घाटन यहां हो रहा है। यह पहला ऐसा स्टोर होगा, जहां लगभग 200 एफपीओ द्वारा उत्पादित उत्पाद एक ही जगह पर उपलब्ध होंगे। उनका कहना था कि इस स्टोर के उद्घाटन के बाद बिहार के अन्य प्रमुख शहरों में भी तेजस्वी किसान मार्ट के स्टोर खोले जाएंगे, ताकि प्रदेश की जनता को शुद्ध और मिलावट रहित खाद्यान्न उपलब्ध हो सके।
निगरानी समिति और भविष्य की योजना :
तेजस्वी किसान मार्ट के बिहार प्रदेश प्रभारी देवशंकर (गुड्डू) सिंह ने बताया कि बिहार में एफपीओ के व्यापार की निगरानी के लिए 18 सदस्यीय निगरानी समिति का गठन किया गया है। इस समिति का उद्देश्य बिहार के हर जिले में एफपीओ के व्यापार को उचित दिशा में मार्गदर्शन करना है। इसके बाद उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, मध्यप्रदेश, दिल्ली, महाराष्ट्र, असम, गुजरात और केरल जैसे राज्यों में भी तेजस्वी किसान मार्ट की शुरुआत की जाएगी।
उद्घाटन समारोह :
तेजस्वी किसान मार्ट का उद्घाटन आगामी 3 दिसंबर को अपराह्न 01:00 बजे कांटी के पहाड़पुर पेठिया में किया जाएगा। इस कार्यक्रम में एफपीओ के प्रतिनिधि, किसानों और कई अन्य प्रमुख व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।




















