निःशुल्क विधिक सेवा शिविर के माध्यम से जागरूकता अभियान

  • Post By Admin on Nov 28 2024
निःशुल्क विधिक सेवा शिविर के माध्यम से जागरूकता अभियान

दरभंगा : संविधान सप्ताह के तहत बहादुरपुर पंचायत में निःशुल्क विधिक सेवा शिविर का आयोजन किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार विनोद कुमार तिवारी के निर्देश और सचिव रंजन देव के मार्गदर्शन में प्रो बोनो अधिवक्ता रामकुमार झा ने इस शिविर में लोगों को संविधान और विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया। शिविर में नालसा द्वारा महिलाओं, बच्चों, वृद्धजनों और दिव्यांगों के लिए चलाई जा रही विशेष योजनाओं की जानकारी दी गई। 

अधिवक्ता झा ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण इन वर्गों को निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान करता है। पारा विधिक स्वयंसेवक सरीता कुमारी ने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों को उनके अधिकारों और लाभों के प्रति जागरूक किया। यह शिविर नागरिकों को उनके संवैधानिक अधिकारों और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करने का एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।