मुशहरी में भगत सिंह और डॉ. अंबेडकर की प्रतिमाओं का अनावरण, सैकड़ों लोगों ने दी श्रद्धांजलि
- Post By Admin on Apr 14 2026
मुजफ्फरपुर : मुशहरी प्रखंड स्थित अंबेडकर भवन परिसर में मंगलवार को शहीद भगत सिंह एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं के अनावरण का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों लोगों ने उपस्थित होकर दोनों महान विभूतियों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम के दौरान प्रोफेसर हरिनारायण ठाकुर ने डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण किया, जबकि अखिल भारतीय खेत-मजदूर किसान सभा के राष्ट्रीय सचिव अशोक बैठा ने शहीद भगत सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया।
उद्घाटन संबोधन में प्रोफेसर हरिनारायण ठाकुर ने कहा कि भगत सिंह और डॉ. अंबेडकर ने समाज में व्याप्त असमानता, छुआछूत और सांप्रदायिकता के खिलाफ निरंतर संघर्ष किया तथा शोषणमुक्त समाज की परिकल्पना की। उन्होंने बुद्धिजीवियों, युवाओं और किसान-मजदूरों से इस संघर्ष को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
अशोक बैठा ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और सामाजिक असमानताओं के बीच इन महान नेताओं के विचारों को अपनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे सामाजिक परिवर्तन के लिए आगे आएं।
इतिहास विभाग के प्राध्यापक डॉ. संजय कुमार सुमन ने कहा कि बिना विचार और संघर्ष के कोई भी बदलाव संभव नहीं है। वहीं, बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. सुशांत कुमार ने युवाओं को हथियारों के बजाय कलम और किताब से जुड़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रहलादपुर पंचायत के मुखिया उदय चौधरी ने की। उन्होंने कहा कि जहां भगत सिंह शोषणमुक्त समाज की स्थापना चाहते थे, वहीं डॉ. अंबेडकर ने लोकतांत्रिक, धर्मनिरपेक्ष और समतामूलक भारत का सपना देखा था।
इस अवसर पर अनवर अहमद, प्रोफेसर संतोष सारंग, अंकुल कुमार, ब्रह्मदेव प्रसाद, राजेंद्र प्रसाद, रिंकु कुमारी, शंभु शरण ठाकुर, परशुराम पाठक, आनंद वर्धन शाही, कामेश्वर प्रसाद दिनेश, प्रोफेसर धीरेन्द्र कुमार धीरु सहित कई जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन रंगकर्मी बैजू कुमार ने किया, जबकि अंत में धन्यवाद ज्ञापन परमानंद पाठक द्वारा किया गया।