मुजफ्फरपुर : सर्व सेवा संघ एवं सर्वोदय मंडल बिहार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पटना से चंपारण पदयात्रा का मंगलवार को मोतीपुर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। महना रोड स्थित एक कोचिंग संस्थान में पदयात्रियों के साथ संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

संवाद के दौरान यात्रा संयोजक अशोक भारत ने कहा कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं को महात्मा गांधी के विचारों, उनके योगदान और उनसे जुड़े ऐतिहासिक स्थलों के बारे में जानकारी देना है। उन्होंने कहा कि गांधी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार हैं, जिन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के बीच सर्वधर्म प्रार्थना का आयोजन भी किया गया। इसके बाद पदयात्रा गांधी चौक पहुंची, जहां बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया।

इस अवसर पर सोनू सरकार, हेमनारायण विश्वकर्मा, के. नीरज, कठपुतली कलाकार सुनील कुमार, मयूर कृति, विकास कुमार, शंभू मोहन प्रसाद, राजकिशोर चौधरी, संदीप कुमार, अभिषेक जायसवाल, शुभम जायसवाल, संजीव कुमार, विष्णु कुमार, सोनू कुमार, नितेश कुमार सहित कई लोग उपस्थित रहे। यात्रा दल में विभिन्न राज्यों के लोगों की भागीदारी देखने को मिली, जिससे यह कार्यक्रम और भी व्यापक एवं प्रेरणादायक बन गया।