संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम
- Post By Admin on Nov 27 2024

मुजफ्फरपुर : मंगलवार को व्यवहार न्यायालय के प्रांगण में संविधान दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में न्यायिक पदाधिकारीगण, न्यायालय के कर्मचारीगण सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया और संविधान सप्ताह (26 नवंबर से 2 दिसंबर तक) के शुभारंभ की घोषणा की गई।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव जयश्री कुमारी ने जानकारी दी कि इस सप्ताह के अंतर्गत जिलेभर में जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित इन अभियानों का उद्देश्य आम जनता को विधिक सेवा प्राधिकार के कार्यों और सेवाओं से अवगत कराना है।
साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में विशेष शिविरों का आयोजन कर लोगों को उनके कानूनी अधिकारों और विधिक सहायता की उपलब्धता के प्रति जागरूक किया जाएगा। वही, कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला विधिक सेवा प्राधिकार और स्थानीय प्रशासन का विशेष योगदान रहा।