दरभंगा में संविधान दिवस पर कार्यक्रम आयोजित, संविधान और नशामुक्ति का संदेश

  • Post By Admin on Nov 27 2024
दरभंगा में संविधान दिवस पर कार्यक्रम आयोजित, संविधान और नशामुक्ति का संदेश

दरभंगा : संविधान दिवस के अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार विनोद कुमार तिवारी के नेतृत्व में न्यायालय परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सभी न्यायिक पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं और न्यायालय कर्मियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री तिवारी ने संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र का आधार है जो हमें समानता, स्वतंत्रता और न्याय के साथ जीने का अधिकार प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि मौलिक अधिकार और कर्तव्य दोनों ही हमारे जीवन में संतुलन बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण हैं। तिवारी ने नशामुक्ति दिवस के अवसर पर नशापान से दूर रहने और इसे जीवन से हमेशा के लिए त्यागने का संकल्प भी दिलाया। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के जीवन के लिए हानिकारक है बल्कि समाज को भी प्रभावित करता है। सभी को नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की गई। 

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रंजन देव ने कहा कि संविधान दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ न्याय तक सभी की पहुंच सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी का अहसास कराता है। उन्होंने न्याय तक सबकी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। इस अवसर पर न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता संघ के सदस्य, न्यायालय कर्मचारी और पारा विधिक स्वयंसेवक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने संविधान और नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।