मुजफ्फरपुर में रसोइयों का धरना प्रदर्शन, मानदेय बढ़ाने समेत कई मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
- Post By Admin on May 11 2026
मुजफ्फरपुर: बिहार विद्यालय रसोइया संघ के बैनर तले मंगलवार को जिला मुख्यालय में सैकड़ों रसोइयों ने धरना-प्रदर्शन कर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। जिला सचिव परशुराम पाठक के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में जिले के कई प्रखंडों से बड़ी संख्या में रसोइया शामिल हुए।
धरना के बाद सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने तिरहुत कमिश्नरी के आयुक्त को मांग पत्र सौंपा। रसोइयों ने मध्यान्ह भोजन योजना से एनजीओ “नव प्रयास” को अलग करने, 12 महीने मानदेय देने, प्रति माह 21 हजार रुपये मानदेय निर्धारित करने और चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी का दर्जा देने की मांग की। इसके अलावा मृत या सेवानिवृत्त रसोइया के आश्रित को नौकरी देने, स्वास्थ्य बीमा सुविधा उपलब्ध कराने, सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने तथा बिना कारण हटाने की धमकी पर रोक लगाने की भी मांग उठाई गई। प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान आयुक्त ने मांग पत्र पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
धरना स्थल पर आयोजित सभा की अध्यक्षता जिला सचिव परशुराम पाठक ने की। सभा को कृष्णनंदन झा, रेखा देवी, अनिला देवी, मीना देवी, संजू देवी, सरिता देवी, हीरा देवी और विमला देवी सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि रसोइया लंबे समय से न्यूनतम मानदेय और असुरक्षित कार्य परिस्थितियों में काम कर रहे हैं, इसलिए सरकार को उनकी मांगों पर जल्द निर्णय लेना चाहिए।