पुतुल हत्याकांड ने पकड़ा तूल: मामला पहुँचा मानवाधिकार आयोग, न्याय की आस
- Post By Admin on Apr 18 2026
मुजफ्फरपुर: जिले के चर्चित पुतुल हत्याकांड ने अब नया मोड़ ले लिया है। सदर थाना क्षेत्र के पताही रूप गांव में हुई इस सनसनीखेज हत्या का मामला अब मानवाधिकार आयोग की चौखट तक पहुंच गया है, जिससे पूरे मामले में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है।
पीड़ित परिवार ने न्याय की उम्मीद में मानवाधिकार अधिवक्ता एस.के. झा के माध्यम से बिहार राज्य मानवाधिकार आयोग और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में अलग-अलग याचिकाएं दायर की हैं। गौरतलब है कि 14 मार्च को पुतुल कुमार की निर्मम हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद उनकी पत्नी चंचल देवी ने सदर थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। परिवार का आरोप है कि मामले में पुलिस का रवैया शुरू से ही उदासीन रहा है। घटना के बाद अब तक केवल एक ही आरोपी की गिरफ्तारी हो सकी है, जबकि अन्य नामजद अभियुक्त खुलेआम घूम रहे हैं। पीड़ित पक्ष का यह भी कहना है कि आरोपियों द्वारा लगातार मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है और ऐसा न करने पर पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जा रही है।
लगातार गुहार के बावजूद जब पुलिस स्तर पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो अंततः पीड़ित परिवार ने मानवाधिकार आयोग का दरवाजा खटखटाया। अधिवक्ता एस.के. झा ने इसे मानवाधिकार उल्लंघन का गंभीर मामला बताते हुए निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। साथ ही आयोग से यह भी अनुरोध किया गया है कि पुलिस को शेष आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए निर्देशित किया जाए। इस घटनाक्रम के बाद अब सभी की नजरें मानवाधिकार आयोग की कार्रवाई पर टिकी हैं। सवाल यह है कि क्या पीड़ित परिवार को अब न्याय मिल पाएगा या यह मामला भी लंबी कानूनी प्रक्रिया में उलझ कर रह जाएगा। फिलहाल, न्याय की आस में परिवार हर दरवाजा खटखटा रहा है।