ऊर्जा संकट के बीच राहत, PDS दुकानों पर मिलेगा किफायती कुकिंग कोल

  • Post By Admin on May 05 2026
ऊर्जा संकट के बीच राहत, PDS दुकानों पर मिलेगा किफायती कुकिंग कोल

लखीसराय : जिले के राशन कार्ड धारकों के लिए राहत भरी खबर है। अब जन वितरण प्रणाली (PDS) की दुकानों पर अनाज के साथ-साथ किफायती दरों पर खाना पकाने के लिए कोयला (कुकिंग कोल) भी उपलब्ध कराया जाएगा। वैश्विक ऊर्जा संकट को देखते हुए बिहार सरकार ने यह अहम फैसला लिया है, जिसके तहत Bihar State Mining Corporation Limited को नोडल एजेंसी बनाया गया है।

इस योजना को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए जिला प्रशासन ने थोक विक्रेताओं के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। जिला आपूर्ति कार्यालय के अनुसार, इच्छुक उद्यमी आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से आवेदन फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं। चयनित होलसेलर्स को एक वर्ष में अधिकतम 10,000 मीट्रिक टन कोयले का आवंटन किया जाएगा।

योजना का उद्देश्य गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को सस्ता और सुलभ रसोई ईंधन उपलब्ध कराना है। हालांकि, थोक विक्रेता बनने के लिए कड़े मानक निर्धारित किए गए हैं। आवेदक के पास वैध पैन और जीएसटी नंबर होना अनिवार्य है, साथ ही वित्तीय वर्ष 2024-25 का आयकर रिटर्न (ITR) भी आवश्यक होगा। इसके अलावा न्यूनतम 20 लाख रुपए का वार्षिक टर्नओवर, बैंकर्स सर्टिफिकेट और चयन के बाद 2 लाख रुपए की सिक्योरिटी मनी जमा करना अनिवार्य किया गया है।

आवेदन की अंतिम तिथि 06 मई 2026 को दोपहर 3:00 बजे तक तय की गई है। सभी आवश्यक दस्तावेज पटना स्थित निगम कार्यालय में जमा करने होंगे। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि प्राप्त आवेदनों की गहन जांच के बाद ही योग्य आवेदकों का चयन किया जाएगा।