मुंबई में बारिश बनी आफत : घाटकोपर भूस्खलन में तीन मासूमों समेत सात की मौत
- Post By Admin on Aug 12 2026
मुंबई : मुंबई के घाटकोपर इलाके में बुधवार को भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन में तीन बच्चों समेत सात लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। यह हादसा चिरागे नगर के अशोक नगर स्थित गौसिया चॉल में हुआ, जहां पहाड़ी का एक हिस्सा और भारी मात्रा में मलबा दो से तीन मकानों पर आ गिरा।
बीएमसी अधिकारियों के अनुसार, भूस्खलन के कारण मकान क्षतिग्रस्त हो गए और कई लोग मलबे में दब गए। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मोहम्मद समीर अंसारी (14 वर्ष), साहिल हुसैन अब्दुल काजी (19), अबान आरिफ शेख (2), मनत आरिफ शेख (4), मर्जिना आरिफ शेख (27), विकेत रमेश यादव (27) तथा एक अज्ञात 45 वर्षीय व्यक्ति के रूप में हुई है। घायलों में फराना दिलबर खान (28), दिलबर अमानुल्लाह खान (38) और शमीम मुस्लिम खान (26) को राजावाडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं सोहेल अंसारी (18), मोहम्मद अंसारी (14), नईमुद्दीन इकबाल खान (28) और साजिद अंसारी (16) का इलाज कुर्ला स्थित बीएमसी संचालित भाभा अस्पताल में चल रहा है। अधिकारियों के मुताबिक सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है।
हादसे के बाद दमकल विभाग, पुलिस, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), एंबुलेंस सेवा और बीएमसी के वार्ड कर्मचारियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए खोज एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।
मुंबई की महापौर रितु तावड़े भी घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मृतकों के निकटतम परिजनों को चार-चार लाख रुपए की तत्काल आर्थिक सहायता तथा प्रत्येक घायल के इलाज के लिए 50 हजार रुपए देने की घोषणा की है। लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन ने पहाड़ी और ढलान वाले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।