सदर अस्पताल में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ
- Post By Admin on Nov 18 2024

मुजफ्फरपुर : जिले के सदर अस्पताल में 17 नवंबर से 21 नवंबर तक चलने वाले पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ उप विकास आयुक्त श्रेष्ठ अनुपम और सिविल सर्जन डॉ. अजय कुमार ने एक नवजात बच्चे को पोलियो की खुराक देकर किया। इस अभियान के तहत जिले भर में 2143 टीमों द्वारा 8 लाख लक्षित बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने अभियान की शुरुआत के मौके पर कहा कि पोलियो अभियान में एक भी लक्षित बच्चा छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को इस अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग और समीक्षा करने के निर्देश दिए, ताकि शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जा सके। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से हाट बाजार, खानाबदोश बस्तियों और ईंट भट्ठों में पोलियो खुराक पिलाने की दिशा में सक्रिय प्रयास करने के लिए स्वास्थ्य टीमों को निर्देशित किया।
पल्स पोलियो अभियान के तहत 0-5 आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की कि वे अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलवाएं और अभियान में पूरी भागीदारी निभाएं। इस अभियान में 1798 घर-घर टीम, 283 ट्रांजिट टीम, 62 मोबाइल टीम और 768 सुपरवाइजरों को प्रशिक्षित किया गया है। इसके अलावा 166 सब डिपो बनाए गए हैं। जहां से पोलियो खुराक और आवश्यक सामग्री का वितरण होगा।
सिविल सर्जन डॉ. अजय कुमार ने भी इस अभियान की सफलता के लिए स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम और अन्य कर्मचारियों को शुभकामनाएं दी और कार्यक्रम की योजना और तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने की अपील की कि अभियान के दौरान किसी भी बच्चे को पोलियो की खुराक से वंचित न रखा जाए। इस मौके पर एसीएमओ डॉ. सी एस प्रसाद, चिकित्सा पदाधिकारी एमसीएच, एसएमसी यूनिसेफ के शशि कान्त सिंह सहित अन्य स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी उपस्थित थे।