पहले चरण के मतदान में महिलाओं की भागीदारी मंईयां सम्मान योजना की सफलता का प्रतीक : कल्पना सोरेन

  • Post By Admin on Nov 18 2024
पहले चरण के मतदान में महिलाओं की भागीदारी मंईयां सम्मान योजना की सफलता का प्रतीक : कल्पना सोरेन

गोड्डा : जिले के महगामा और पाकुड़ में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए जेएमएम विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने राज्य सरकार की योजनाओं और महिलाओं की भागीदारी पर जोर दिया। उन्होंने महगामा में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और पाकुड़ में निशत आलम के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। इस दौरान कल्पना सोरेन ने पहले चरण के मतदान में महिलाओं की बढ़ी हुई भागीदारी को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा शुरू की गई मंईयां सम्मान योजना और महिलाओं के लिए अन्य योजनाओं की सफलता के रूप में बताया।

कल्पना ने कहा, “पहले चरण में महिलाओं ने जिस तरह से मतदान में भाग लिया है। वह यह साबित करता है कि हेमंत सरकार की योजनाओं में महिलाओं का विश्वास बढ़ा है। मंईयां सम्मान योजना ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त किया है और वे अब अपने अधिकारों के लिए जागरूक हो चुकी हैं। यह इस बात का संकेत है कि इस बार भी झारखंड में हेमंत सोरेन की और इंडिया गठबंधन की सरकार बनना तय है।”

विधायक कल्पना सोरेन ने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि बीजेपी के बड़े नेता चुनावी प्रचार में शामिल हो रहे हैं लेकिन यह उनकी बेचैनी का परिणाम है। उन्होंने कहा, “बीजेपी के नेताओं को अब झारखंड की राजनीति का भय सता रहा है। कुछ बीजेपी नेता तो झारखंड में कैंप कर रहे हैं लेकिन जनता ने ठान लिया है कि इस बार हेमंत सोरेन की सरकार फिर से बनेगी।”

कल्पना ने सोशल मीडिया पर भी अपनी बात रखी। जहां उन्होंने लिखा, “आज महगामा में कांग्रेस प्रत्याशी दीपिका पांडेय सिंह के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा में आप सभी से संवाद का अवसर मिला। महगामा में उमड़ा जनसैलाब यह साबित करता है कि इस बार भी महिला शक्ति की गूंज सुनाई देगी और महगामा में फिर से विकास की लहर चलेगी।” इस दौरान महगामा और पाकुड़ के लोगों से भी उन्होंने अपील की कि वे आने वाले चुनाव में सही नेतृत्व को चुनें और राज्य में विकास की प्रक्रिया को जारी रखें।