लखीसराय : पर्यावरण को बचाने की दिशा में एक अनोखी और भावनात्मक पहल की शुरुआत लखीसराय में हुई, जहां पर्यावरण भारती संस्था के बैनर तले "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान के जरिए आमजन से आह्वान किया गया है कि वे अपनी माँ के सम्मान में कम-से-कम एक वृक्ष अवश्य लगाएं।
अभियान की अगुवाई कर रहे पर्यावरण प्रहरी प्रिंस कुमार यादव ने बताया कि यह सिर्फ एक वृक्षारोपण कार्यक्रम नहीं, बल्कि माँ के प्रति श्रद्धा और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है। कार्यक्रम में पर्यावरण भारती के संस्थापक और पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा, "माँ के नाम एक पेड़ लगाना न केवल मातृत्व का सम्मान है, बल्कि यह धरती को हरित बनाने की दिशा में एक पवित्र कार्य है।"
पर्यावरणविद विनोद कुमार सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, "अगर भारत के 140 करोड़ लोग अपनी माँ के नाम एक-एक पेड़ लगाएं, तो बिना किसी सरकारी खर्च के देश में 140 करोड़ पेड़ लग सकते हैं। यह जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक समस्याओं के समाधान की दिशा में एक बड़ी क्रांति हो सकती है।"
इस मौके पर रौनक यादव, दिलीप कुमार, अर्जुन पाल, सुरेश पासवान, चंदन कुमार और अंकित कुमार पंडित सहित बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमियों ने वृक्षारोपण कर अभियान को गति दी।
पर्यावरण भारती ने समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान में सहभागी बनें और अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा जरूर लगाकर धरती को हरा-भरा बनाने में योगदान दें। अभियान को सामाजिक मीडिया पर भी जनसमर्थन मिल रहा है और इसे एक जनांदोलन का रूप देने की तैयारी है।




















