कृष्णनंदन ठाकुर की पुण्यतिथि पर पुरखा पुरनिया संवाद, अजय शर्मा सम्मानित

  • Post By Admin on Apr 21 2026
कृष्णनंदन ठाकुर की पुण्यतिथि पर पुरखा पुरनिया संवाद, अजय शर्मा सम्मानित

मुजफ्फरपुर : मालीघाट में समाजसेवक कृष्णनंदन ठाकुर की पांचवीं पुण्यतिथि के अवसर पर सरला श्रीवास सोशल कल्चरल रिसर्च फाउंडेशन द्वारा ‘पुरखा पुरनिया संवाद सह सम्मान कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शांति सेना मुजफ्फरपुर के संयोजक सोनू सरकार ने की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सोनू सरकार ने कहा कि कृष्णनंदन ठाकुर समाज के लोकनायक थे, जिनकी ईमानदारी और कार्यशैली आज की नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि ‘पुरखा पुरनिया संवाद’ के माध्यम से अपने पूर्वजों को याद कर उनसे सीख लेने का अवसर मिलता है।

संस्थान के सचिव एवं कठपुतली कलाकार सुनील कुमार ने कहा कि इस आयोजन के जरिए कृष्णनंदन ठाकुर की स्मृतियों और उनके आदर्शों को सहेजने का संकल्प लिया गया है। साथ ही नई पीढ़ी से लोक संस्कृति को संरक्षित रखने का आह्वान किया गया। परफेक्ट सोल्यूशन सोसाइटी के सचिव अनिल कुमार ठाकुर ने कहा कि समाज में ऐसे लोग हमेशा याद किए जाते हैं, जो अपने कार्यों से समाज पर अमिट छाप छोड़ते हैं।

इस अवसर पर नाट्य निर्देशक अजय शर्मा को ‘समाजसेवक कृष्णनंदन ठाकुर सम्मान’ से सम्मानित किया गया। उन्हें अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं ‘जननायिका सरला श्रीवास’ की जीवन यात्रा पर आधारित पुस्तक भेंट कर सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में संस्थान की संरक्षक कांता देवी, सरला श्रीवास युवा मंडल के सचिव गोलू कुमार, कोषाध्यक्ष आदित्य राज ठाकुर, मोहम्मद जाकिर हुसैन उर्फ मिंटू, समस्तीपुर के अभिनेता गणेश कुमार एवं महेश्वर पासवान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में उपाध्यक्ष सुमन कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।