मुजफ्फरपुर में मंदिर विवाद गहराया, जल्द कार्यवाही नहीं तो आंदोलन की चेतावनी
- Post By Admin on Apr 21 2026
मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर जंक्शन परिसर स्थित मंदिर को हटाए जाने के विरोध में आंदोलन तेज होने के संकेत मिले हैं। इस संबंध में भक्त अनिल कुमार द्वारा एसडीओ पूर्वी मुजफ्फरपुर को ज्ञापन सौंपते हुए प्रशासन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया गया है।
ज्ञापन के अनुसार, 10 फरवरी 2026 को जंक्शन परिसर के पूर्वी छोर पर स्थित श्री 108 बजरंगबली एवं मां दुर्गा मंदिर को हटाने के विरोध में आंदोलन किया गया था। उस दौरान एसडीओ पूर्वी तुषार कुमार द्वारा आश्वासन दिया गया था कि तीन दिनों के भीतर रेलवे और प्रशासन के पदाधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक कर मंदिर पुनर्निर्माण के लिए कार्रवाई की जाएगी।
आरोप है कि आश्वासन के बावजूद दो महीने बीत जाने के बाद भी इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है। भक्त अनिल कुमार ने प्रशासन से जल्द बैठक आयोजित कर मंदिर पुनर्निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है। उनका कहना है कि पिछले एक वर्ष से हिंदू समाज और रेलवे के बीच इस मुद्दे को लेकर विवाद और टकराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे श्रद्धालुओं में नाराजगी बढ़ रही है। ज्ञापन में यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द ही मंदिर पुनर्निर्माण की दिशा में पहल नहीं की गई, तो 10 फरवरी से भी बड़ा और कड़ा आंदोलन किया जाएगा।
इस मामले में स्थानीय प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन स्थिति को देखते हुए आने वाले दिनों में मामले के और गरमाने की संभावना जताई जा रही है।