विश्व मलेरिया दिवस पर जागरूकता अभियान, जिलेभर में होंगे विशेष कार्यक्रम

  • Post By Admin on Apr 21 2026
विश्व मलेरिया दिवस पर जागरूकता अभियान, जिलेभर में होंगे विशेष कार्यक्रम

लखीसराय : आगामी 25 अप्रैल को मनाए जाने वाले विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर जिले में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस क्रम में सदर अस्पताल सहित सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर लोगों को मलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा।

जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. अमित कुमार ने बताया कि 25 अप्रैल को सभी स्वास्थ्य संस्थानों में शपथ समारोह आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही विद्यालयों में बच्चों द्वारा प्रभात फेरी निकालकर लोगों को मलेरिया के प्रति जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान “मलेरिया मुक्त जिला हो हमारा”, “मच्छरदानी अपनाओ, मलेरिया भगाओ” जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्यकर्मी एवं पदाधिकारी सामुदायिक स्तर पर लोगों को मलेरिया के कारण, लक्षण, बचाव एवं उपचार की जानकारी देंगे, ताकि इस बीमारी की रोकथाम की जा सके।

जिला वेक्टर जनित रोग सलाहकार नरेंद्र कुमार ने बताया कि मलेरिया प्लाज्मोडियम परजीवी से संक्रमित मादा एनोफिलीज मच्छर के काटने से फैलता है। यह किसी भी आयु वर्ग के व्यक्ति को प्रभावित कर सकता है। इसमें ठंड लगने के साथ तेज बुखार (103 से 105 डिग्री) आता है, जो कुछ समय बाद पसीने के साथ उतर जाता है, लेकिन बार-बार आता रहता है। गंभीर स्थिति में फेल्सीपेरम मलेरिया होने पर खून की कमी, दिमाग पर असर, फेफड़ों में सूजन, पीलिया और गुर्दे की समस्या हो सकती है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने मलेरिया से बचाव के लिए लोगों को मच्छरदानी के उपयोग, पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनने, घर के आसपास जलजमाव नहीं होने देने और नालियों की नियमित सफाई करने की सलाह दी है। जलजमाव वाले स्थानों पर केरोसिन या डीजल का छिड़काव करने की भी अपील की गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे जागरूक रहें और मलेरिया मुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।