भाजपा में नये जिला अध्यक्ष घोषित, नीलम सहनी और शशिधर झा को मिली जिम्मेदारी
- Post By Admin on Jan 08 2025
.jpg)
समस्तीपुर : समस्तीपुर भाजपा ने अपने संगठन चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न किया। जिसमें समस्तीपुर उत्तरी का जिला अध्यक्ष नीलम सहनी और समस्तीपुर दक्षिणी का जिला अध्यक्ष शशिधर झा को चुना गया। इस मौके पर प्रदेश से आए सांसद संजय जायसवाल ने दोनों नए जिला अध्यक्षों की घोषणा की और कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए इन दोनों कार्यकर्ताओं का चयन किया गया है।
संजय जायसवाल ने कहा कि दोनों नए अध्यक्ष संगठन के जुझारू कार्यकर्ता हैं और इनकी नियुक्ति से भाजपा को आगामी विधानसभा चुनाव में समस्तीपुर की सभी दस सीटों पर एनडीए की जीत सुनिश्चित होगी। इस अवसर पर नए जिला अध्यक्षों को 51 किलो के गेंदा के फूल की माला पहनाकर स्वागत किया गया।
समस्तीपुर उत्तर की जिला अध्यक्ष नीलम सहनी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता संगठन को और मजबूत करना और विधानसभा चुनाव से पहले गांव-गांव जाकर कार्यकर्ताओं से संपर्क साधना होगी। वहीं, समस्तीपुर दक्षिण के जिला अध्यक्ष शशिधर झा ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया है और वह इस भरोसे पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों के बारे में बताया और सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने की अपील की। कार्यक्रम में प्रदेश नेतृत्व के चुनाव पदाधिकारी और बड़ी संख्या में जिले भर के कार्यकर्ता उपस्थित थे।