मुजफ्फरपुर में ‘नशा मुक्त युवा’ विषय पर पड़ोस युवा संसद का आयोजन, युवाओं ने ली नशामुक्ति की शपथ
- Post By Admin on Oct 10 2026
मुजफ्फरपुर: मेरा युवा भारत (माई भारत), मुजफ्फरपुर के तत्वावधान में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मुखर्जी सेमिनरी विद्यालय में ‘नशा मुक्त युवा’ विषय पर पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने भाग लिया। इसका उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के महानगर प्रचारक सुनील कुमार रुद्र ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का सपना विकसित भारत का है और युवा इस लक्ष्य को साकार करने के प्रमुख स्तंभ हैं। देश की प्रगति और उज्ज्वल भविष्य युवाओं की ऊर्जा, क्षमता, अनुशासन और सकारात्मक सोच पर निर्भर करता है। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर अपनी प्रतिभा और ऊर्जा का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करने की अपील की। साथ ही अच्छे संस्कार अपनाने और सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने पर जोर दिया।
आरडीएस कॉलेज के राजनीति विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक पंकज कुमार तिवारी ने युवाओं की ऊर्जा और परिवर्तनकारी क्षमता पर प्रकाश डाला। उन्होंने ‘युवा’ शब्द को उलटकर ‘वायु’ बनने का उदाहरण देते हुए कहा कि युवाओं में समाज और देश में बदलाव लाने की अपार क्षमता है। इस क्षमता का सकारात्मक उपयोग समाज को नई दिशा दे सकता है। अमर त्रिशला के सचिव रंजीत कुमार ने नशामुक्ति के महत्व पर अपने विचार रखे और युवाओं को जागरूक समाज के निर्माण के लिए आगे आने को प्रेरित किया। वहीं, स्वतंत्रता सेनानी नन्नू लाल युवा क्लब के पूर्व अध्यक्ष एवं युवा आइकॉन प्रिंस कुमार ने नशे से जुड़े मिथकों और भ्रांतियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि गलत संगति, मित्रों का दबाव और जिज्ञासा कई बार युवाओं को नशे की शुरुआत की ओर ले जाती है। उन्होंने युवाओं को अच्छे मित्र समूह चुनने तथा शिक्षा, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने की सलाह दी।
इस अवसर पर मेरा युवा भारत, मुजफ्फरपुर के लेखा एवं कार्यक्रम पर्यवेक्षक विनय कुमार ने अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में चंदन कुमार, धर्मेंद्र कुमार, पीयूष बांका सहित अन्य स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित युवाओं ने नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए नशा मुक्ति की शपथ ली। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ। आयोजन के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।