मुक्तापुर मोइन को इको पार्क के रूप में विकसित करने की होगी घोषणा
- Post By Admin on Jan 13 2025

समस्तीपुर : जिले के मुक्तापुर मोइन को इको पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा। जिसका शिलान्यास मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज अपनी प्रगति यात्रा के दौरान करेंगे। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर प्रशासनिक तैयारियाँ जोरों पर हैं। इसे लेकर नगर निगम की अध्यक्ष अनीता राम ने निर्माण स्थल का जायजा लिया। उन्होंने इस परियोजना को समस्तीपुर के विकास के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि इस इको पार्क का निर्माण क्षेत्र की सामाजिक और आर्थिक स्थिति में सुधार लाएगा।
मुक्तापुर मोइन के 64 एकड़ में फैले क्षेत्र को इको पार्क में तब्दील किया जाएगा। जिससे यह पर्यटकों और स्थानीय निवासियों के लिए एक प्रमुख आकर्षण का केंद्र बनेगा। अनीता राम ने बताया कि इस पार्क का मुख्य उद्देश्य लोगों को एक आरामदायक और प्राकृतिक वातावरण में समय बिताने का अवसर प्रदान करना है। जहां वे अपने परिवार के साथ समय बिता सकेंगे।
नगर निगम की अध्यक्ष ने कहा कि मुक्तापुर मोइन में हमेशा पानी रहता है और इस क्षेत्र में नौका विहार की व्यवस्था की जाएगी, जो पर्यटकों के लिए एक और आकर्षण होगा। इसके अलावा, मछली पालन की योजना भी बनाई जा रही है। जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा और एक नए प्रकार का व्यवसाय शुरू हो सकेगा। इस योजना से आसपास की दुकानों के माध्यम से व्यापारिक गतिविधियाँ भी बढ़ेंगी और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।
अनीता राम ने यह भी बताया कि इस पार्क के चारों ओर मॉर्निंग वॉक के लिए वाक पथ का निर्माण कराया जाएगा, ताकि लोग सुबह के समय में वहां वॉक कर अपनी सेहत का ख्याल रख सकें। साथ ही, पार्क के चारों ओर मिट्टी के हिसाब से विभिन्न प्रकार के पौधे भी लगाए जाएंगे। जिससे वातावरण शुद्ध और सुंदर रहेगा। नगरीय प्रशासनिक अधिकारियों के साथ निरीक्षण में वार्ड आयुक्त सुजय कुमार, शंभू कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। जिन्होंने इस परियोजना की तैयारियों की समीक्षा की।