मुजफ्फरपुर में मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता का भव्य स्वागत, जनसेवा और विकास कार्यों की हुई सराहना
- Post By Admin on May 11 2026
मुजफ्फरपुर :शहर के नकुलवा चौक स्थित माँ बगलामुखी मंदिर के समीप न्यू क्लियर टोन मोबाइल शॉप में बिहार सरकार के माननीय पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता के सम्मान में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, व्यापारी, समाजसेवी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता का फूल-माला एवं बुके देकर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। उपस्थित लोगों ने उन्हें जन-जन का नेता बताते हुए उनके सरल स्वभाव, सहज व्यवहार और जनता के प्रति समर्पण की सराहना की। कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और सम्मान का माहौल देखने को मिला।
अपने संबोधन में मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने कहा कि जनता का स्नेह और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार समाज के हर वर्ग के विकास और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है तथा राज्य में आधारभूत सुविधाओं, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि वे हमेशा जनता के सुख-दुख में साथ खड़े रहेंगे।
मंत्री ने युवाओं और व्यापारियों से संवाद करते हुए स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यापार को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि छोटे व्यापारियों और युवाओं को अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराए जाएं, जिससे आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिले।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने मंत्री के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य और सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। अंत में न्यू क्लियर टोन मोबाइल शॉप परिवार की ओर से मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता के प्रति आभार व्यक्त किया गया।