लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट बना मौत का मंजर, अग्निकांड में 21 की मौत

  • Post By Admin on Jun 03 2026
लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट बना मौत का मंजर, अग्निकांड में 21 की मौत

नई दिल्ली : दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक रेस्टोरेंट में बुधवार सुबह लगी भीषण आग में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 40 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया गया है और अब तक करीब 37 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है।

जानकारी के अनुसार मालवीय नगर स्थित ‘लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट’ में सुबह करीब 8:50 बजे आग लगने की सूचना दमकल विभाग को मिली। सूचना मिलते ही दमकल की 10 गाड़ियां और अन्य आपातकालीन वाहन मौके पर भेजे गए। पुलिस, दमकल विभाग, आपदा प्रबंधन टीम और एंबुलेंस सेवाओं ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद रेस्टोरेंट में तेजी से धुआं भर गया, जिससे कई लोग अंदर फंस गए और कुछ बेहोश हो गए। बचाव दलों ने लोगों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया। घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), सीएटीएस एंबुलेंस सेवा तथा अन्य आपातकालीन एजेंसियों को सक्रिय कर दिया गया था, जिसके परिणामस्वरूप कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।

भाजपा विधायक सतीश उपाध्याय ने भी घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने इसे अत्यंत दुखद घटना बताते हुए कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता राहत एवं बचाव कार्य को तेजी से पूरा करना है। अधिकारियों के अनुसार रेस्टोरेंट परिसर में तलाशी अभियान जारी है और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।