लखीसराय में बच्चों के पोषण स्तर में सुधार पर जोर, आंगनबाड़ी केंद्रों की होगी नियमित निगरानी
- Post By Admin on Oct 10 2026
लखीसराय : जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था को बेहतर बनाने और बच्चों के पोषण स्तर में सुधार लाने के उद्देश्य से शनिवार को जिला समन्वय समिति एवं जिला पोषण समिति की बैठक आयोजित की गई। जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पोषण अभियान की प्रगति, आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित संचालन, भवन निर्माण और बच्चों में कुपोषण की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार ने सभी महिला पर्यवेक्षिकाओं को दूसरे सरकारी भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसका उद्देश्य ऐसे केंद्रों के लिए अलग भवन निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करना है। इसके लिए वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत भवन निर्माण की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए संबंधित केंद्रों की सूची और आवश्यक विवरण संकलित करने को कहा गया, ताकि आंगनबाड़ी केंद्रों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित संचालन और निर्धारित समय पर खुलने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। संबंधित अधिकारियों और महिला पर्यवेक्षिकाओं को केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने तथा वहां उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की निगरानी करने का निर्देश दिया गया। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि लाभार्थियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सेवाएं मिलें और योजनाओं का लाभ उन तक समय पर पहुंचे।
पोषण संबंधी समीक्षा के दौरान बच्चों में गंभीर तीव्र कुपोषण (एसएएम), मध्यम तीव्र कुपोषण (एमएएम), कम वजन और मोटापे जैसे प्रमुख पोषण सूचकांकों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। इन सूचकांकों के आधार पर जिले की स्थिति और राज्य स्तर पर रैंकिंग की नियमित समीक्षा करने तथा कमजोर प्रदर्शन वाले क्षेत्रों में सुधारात्मक कदम उठाने पर जोर दिया गया। जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने कुपोषित बच्चों की समय पर पहचान कर उन्हें आवश्यक पोषण और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने पोषण से संबंधित गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने की आवश्यकता बताई, ताकि योजनाओं का लाभ लक्षित लाभार्थियों तक पहुंच सके।
बैठक में जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के निदेशक नीरज कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, समेकित बाल विकास सेवा के धीरज कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था मजबूत करने, नियमित निगरानी और बच्चों के पोषण स्तर में सुधार के लिए आवश्यक कार्रवाई पर जोर दिया।