समस्तीपुर : जिले के दलसिंहसराय में ठंड के प्रकोप के बीच समाजिक संस्था ‘द उम्मीद’ ने गरीब और जरूरतमंदों को राहत प्रदान करने के लिए एक विशेष कंबल वितरण अभियान का आयोजन किया। इस अभियान में द उम्मीद संस्था ने दलसिंहसराय के रेलवे स्टेशन, मनोकामना मंदिर, बस स्टैंड, एनएच बाजार समिति और स्लम बस्तियों में रह रहे सैकड़ों गरीबों को कंबल वितरित किए।
द उम्मीद संस्था के बारे में जानकारी देते हुए सह संस्थापिका श्वेता गुप्ता ने बताया कि यह कंबल वितरण ड्राइव ‘द उम्मीद ब्लैंकेट डिस्ट्रीब्यूशन ड्राइव’ का छठा चरण था और इस आयोजन में 40 से अधिक जरूरतमंदों को कंबल दिए गए। श्वेता गुप्ता ने कहा कि यह अभियान जनवरी तक लगातार जारी रहेगा और उनकी संस्था हर संभव मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है।
संस्था की दलसिंहसराय सेंटर की कोऑर्डिनेटर मुस्कान गुप्ता ने बताया कि ‘द उम्मीद’ द्वारा ठंड में चलाए जा रहे इस क्लॉथ्स और ब्लैंकेट डिस्ट्रीब्यूशन ड्राइव से सैकड़ों लोगों को राहत मिली है। इस अभियान को सफल बनाने में संस्था की पूरी टीम और सहयोगियों का अहम योगदान है। जिनके प्रयासों से यह पहल संभव हो पाई है। मुस्कान गुप्ता ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह अभियान आगे भी इसी तरह जरूरतमंदों तक अपनी सहायता पहुंचाता रहेगा। मौके पर ‘द उम्मीद’ दलसिंहसराय टीम के सदस्य संजीव रंजन, नरेश प्रसाद गुप्ता, ऋषभ गुप्ता, बेबी गुप्ता, प्रियांशी, प्रिंस समेत अन्य लोग उपस्थित थे।




















