NEET UG 2026 रिजल्ट घोषित, 20 लाख अभ्यर्थियों में दो छात्रों ने मारी बाजी

  • Post By Admin on Jul 17 2026
NEET UG 2026 रिजल्ट घोषित, 20 लाख अभ्यर्थियों में दो छात्रों ने मारी बाजी

नई दिल्ली : नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने नीट यूजी 2026 री-एग्जाम का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। इस वर्ष पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने 720 में से 715 अंक हासिल कर देशभर में संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान प्राप्त किया है।

इस वर्ष आयोजित NEET UG 2026 परीक्षा में देशभर से करीब 20 लाख अभ्यर्थियों ने भाग लिया। परीक्षा भारत के 551 शहरों में स्थित 5,440 परीक्षा केंद्रों के अलावा विदेश के 14 शहरों में भी आयोजित की गई थी। परिणाम के अनुसार, लगभग 11.21 लाख अभ्यर्थी मेडिकल, डेंटल, आयुष और अन्य संबद्ध स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए सफल घोषित किए गए हैं।

राज्यवार प्रदर्शन की बात करें तो उत्तर प्रदेश सबसे आगे रहा, जहां 1.70 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की। वहीं, लक्षद्वीप से 43 उम्मीदवार सफल हुए। विभिन्न राज्यों के टॉपर्स में लद्दाख की जिगमेट यंगचेन लामो (530 अंक), अंडमान एवं निकोबार के ध्रुव त्रिपाठी (606 अंक) और लक्षद्वीप की फहमीदा अनीस (573 अंक) शामिल हैं। इस बार पूर्वोत्तर के सभी राज्यों से भी स्टेट टॉपर सामने आए हैं।

एनटीए के अनुसार, 17 राज्यों के टॉपर्स ने 700 या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं, जबकि 26 राज्यों के टॉपर्स के 690 से अधिक अंक रहे। देश के 66 शहरों से 138 अभ्यर्थियों ने शीर्ष रैंक हासिल की है। वहीं, 705 से अधिक अंक प्राप्त करने वाले शीर्ष 17 छात्र पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, तमिलनाडु और तेलंगाना सहित आठ राज्यों से हैं। इस बार का परिणाम मेडिकल शिक्षा में प्रवेश की प्रतिस्पर्धा को और कड़ा बनाने वाला माना जा रहा है, क्योंकि बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने उत्कृष्ट अंक हासिल किए हैं।