भगवानपुर में वाहन एजेंसी के बाहर झपटी सोने की चेन, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

  • Post By Admin on Jul 29 2026
भगवानपुर में वाहन एजेंसी के बाहर झपटी सोने की चेन, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

मुजफ्फरपुर: जिले के सदर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस की गश्ती व्यवस्था को चुनौती देते हुए दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया। मंगलवार की शाम भगवानपुर बीबीगंज स्थित एक वाहन एजेंसी के बाहर खड़े युवक के गले से बाइक सवार दो बदमाश सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पीड़ित अपने तीन दोस्तों के साथ नई गाड़ी की डिलीवरी लेने बीबीगंज स्थित एक वाहन एजेंसी पहुंचे थे। वाहन की डिलीवरी में कुछ समय शेष होने के कारण वे एजेंसी के बाहर खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। इससे पहले कि पीड़ित कुछ समझ पाते, बाइक के पीछे बैठे बदमाश ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और दोनों तेज रफ्तार से चांदनी चौक बैरिया की ओर फरार हो गए।

घटना के तुरंत बाद पीड़ित और आसपास मौजूद लोगों ने बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वे तेज गति से भाग निकलने में सफल रहे। वारदात की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगालने शुरू कर दिए हैं, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। पुलिस के अनुसार, करजा खलीलपुर निवासी ब्रजकिशोर सिंह ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। प्रारंभिक पूछताछ में जानकारी मिली है कि वह गोपालगंज में एक सरकारी विभाग में कार्यरत हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।