यूपी के दो जिला में भीषण सर्दी के कारण 31 दिसंबर तक स्कूलों में छुट्टी

  • Post By Admin on Dec 30 2024
यूपी के दो जिला में भीषण सर्दी के कारण 31 दिसंबर तक स्कूलों में छुट्टी

मेरठ : उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में सर्दी का कहर जारी है। पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों में पहुंच चुकी हैं। जिससे कड़ाके की सर्दी बढ़ गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में ठंड के कारण लोग ठिठुर रहे हैं। मौसम विभाग द्वारा वेस्ट यूपी में ठंड को लेकर अलर्ट जारी किया गया है और इसके असर के कारण स्कूलों में छुट्टियों का आदेश दिया गया है।

ठंड को देखते हुए मेरठ और बागपत जिलों में 31 दिसंबर तक स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। वहीं, मुजफ्फरनगर में 30 दिसंबर को यानी आज स्कूल बंद रहेंगे। जिलाधिकारियों ने इस आदेश को लागू किया है जो कि कक्षा 8 तक के स्कूलों पर लागू होगा।

मेरठ में बीते दिन अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, बुलंदशहर प्रदेश का सबसे सर्द शहर रहा। जहां न्यूनतम तापमान 9 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों तक ठंड और बढ़ने की संभावना है। साथ ही घना कोहरा भी छाए रहने का अनुमान है।

इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए डीएम ने आठवीं कक्षा तक के स्कूलों में छुट्टी का आदेश दिया है। इस आदेश को बीएसए (बेसिक शिक्षा अधिकारी) ने सभी जिलों को भेज दिया है और आदेश का पालन सुनिश्चित करने के लिए स्कूलों के खिलाफ कार्यवाही की चेतावनी दी है यदि वे खुलते हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव बना हुआ है। जिसकी वजह से ठंड बढ़ेगी और तापमान तीन से 5 डिग्री तक गिर सकता है। इसके अलावा, ज्यादातर इलाकों में घना कोहरा भी देखने को मिल सकता है जो ठंड को और बढ़ा सकता है। डीएम का यह कदम छात्रों की सुरक्षा और भलाई को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।