ग्रामीणों के बीच पहुंचे डीएम शैलेन्द्र कुमार, समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा

  • Post By Admin on Jun 14 2026
ग्रामीणों के बीच पहुंचे डीएम शैलेन्द्र कुमार, समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा

लखीसराय : आगामी 16 जून को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की तैयारियों के तहत जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने शनिवार को सूर्यगढ़ा प्रखंड की चौरा राजपुर पंचायत स्थित तुमनी गांव एवं पहाड़ों से घिरे जनजातीय ग्राम लठिया का पैदल भ्रमण कर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी के साथ उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता तथा जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पंचायत सरकार भवन सहित गांव के विभिन्न हिस्सों का दौरा कर मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। महिलाओं ने जन वितरण प्रणाली के राशन कार्ड और श्रम कार्ड बनवाने की मांग की, जिस पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

ग्रामीणों ने बताया कि श्मशान घाट तक जाने वाली कच्ची सड़क बारिश के दिनों में आवागमन के लिए बेहद कठिन हो जाती है। इस सड़क के पक्कीकरण की मांग की गई। वहीं लठिया मध्य विद्यालय से तुमनी गांव तक अधूरी पड़ी सड़क निर्माण योजना को शीघ्र पूरा कराने का भी अनुरोध किया गया। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाते हुए गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य उपकेंद्र स्थापित करने की मांग की। उनका कहना था कि निकटतम स्वास्थ्य केंद्र लगभग छह किलोमीटर दूर होने के कारण आपात स्थिति में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

निरीक्षण के दौरान पंचायत सरकार भवन के समीप स्थित खेल मैदानों के विकास का मुद्दा भी सामने आया। ग्रामीणों ने वॉलीबॉल कोर्ट वाले मैदान के सौंदर्यीकरण तथा जनजातीय समुदाय के बच्चों को क्रिकेट खेलने के लिए बैट, बॉल और विकेट जैसी खेल सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि संसाधनों के अभाव में बच्चों को खेल गतिविधियों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा ग्रामीणों ने बेहतर संचार सुविधा के लिए मोबाइल टॉवर लगाने की भी मांग की। जिला पदाधिकारी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों को सहयोग शिविर पोर्टल पर अपलोड कर निर्धारित समयसीमा के भीतर उनके निष्पादन की प्रक्रिया शुरू की जाए।

गांव के भ्रमण के दौरान जिला पदाधिकारी ने जनजातीय बच्चों और ग्रामीणों के साथ पहाड़ों से घिरे प्राकृतिक मैदान में कुछ देर क्रिकेट भी खेला। इस दौरान उन्होंने खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और जनजातीय युवाओं को खेलों से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। जिला प्रशासन ने आश्वासन दिया कि आगामी सहयोग शिविर के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।