देवशरण सिंह बने आर. लाल कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य, छात्रों में जगीं सुधार की उम्मीदें

  • Post By Admin on Jan 04 2025
देवशरण सिंह बने आर. लाल कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य, छात्रों में जगीं सुधार की उम्मीदें

लखीसराय : नया बाजार स्थित आर. लाल कॉलेज में 15 वर्षों से भूगोल विभाग के प्राध्यापक रहे देवशरण सिंह को कॉलेज का नया प्रभारी प्राचार्य नियुक्त किया गया है। उन्होंने सेवानिवृत्त हुए रामदेव शाह का स्थान लिया है। इस नियुक्ति से छात्रों और प्राध्यापकों के बीच नए बदलाव और सुधार की उम्मीदें बढ़ गई हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की स्थानीय इकाई ने स्वागत कार्यक्रम में देवशरण सिंह को गुलदस्ता व अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।

इस मौके पर छात्रों ने उनसे पढ़ाई की गुणवत्ता सुधारने और कॉलेज में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की अपील की। नए प्रभारी प्राचार्य देवशरण सिंह ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि वह कॉलेज के शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने नियमित कक्षाओं के संचालन, प्राध्यापकों की उपस्थिति और छात्रों की नियमितता पर विशेष जोर देने की बात कही। साथ ही, कॉलेज की अन्य समस्याओं को हल करने के लिए वह मुंगेर यूनिवर्सिटी प्रशासन से संपर्क करेंगे।

कार्यक्रम में उपस्थित छात्रों ने भी इस बदलाव का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि नए नेतृत्व में कॉलेज में सकारात्मक सुधार होंगे। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कॉलेज के विकास में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर चाहत कुमारी, रौशंज कुमारी, सोनाली, अंशिका सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और प्राचार्य देवशरण सिंह का स्वागत किया। इस नियुक्ति से कॉलेज के शैक्षणिक और प्रशासनिक स्तर पर नई ऊर्जा का संचार होने की संभावना है।