बुद्ध वर्ल्ड स्कूल के 10वां वार्षिकोत्सव में दशावतार नाटक और रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा मन
- Post By Admin on Apr 19 2026
हाजीपुर: वैशाली स्थित बुद्ध वर्ल्ड ग्रुप ऑफ स्कूल्स में रविवार को दसवां वार्षिकोत्सव समारोह भव्य और रंगारंग अंदाज में मनाया गया। कार्यक्रम में बचपन से लेकर कक्षा 10 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा से उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। करीब 1000 छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी में पूरा परिसर उत्सवमय हो उठा।
समारोह की खास प्रस्तुति “दशावतार: जीवन-चक्र” नाटक रही, जिसमें भगवान विष्णु के दस अवतारों को जीवन के विभिन्न चरणों—शैशव, बाल्य, किशोर और युवावस्था—से जोड़ते हुए बच्चों की मानसिकता और गतिविधियों को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। इस प्रस्तुति ने दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ दिया और खूब सराहना बटोरी। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और अतिथियों के सम्मान के साथ हुई। इस अवसर पर शिवप्रकाश भारद्वाज, अनिल ठाकुर, प्रो. डॉ. प्रियरंजन, सामाजिक कार्यकर्ता सह अभिनेता सुगंध कुमार, कर्नल बजरंग बिहारी सिंह, विभा देवी और मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. संजय पंकज समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विद्यालय के संस्थापक सह निदेशक कृष्ण कुमार ने 10 वर्षों की यात्रा को याद करते हुए भावुक संबोधन दिया। उन्होंने स्थापना से लेकर सफलता तक के संघर्षों और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला। साथ ही शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए उनके कार्यकाल के वर्षों के अनुसार अतिरिक्त मानधन देने की घोषणा की, जिससे शिक्षकों में खासा उत्साह देखा गया।
मुख्य अतिथि डॉ. संजय पंकज ने अपने काव्यात्मक संबोधन से कार्यक्रम में नई ऊर्जा भर दी। उन्होंने सामाजिक सरोकारों—गांव, पर्यावरण, बेटियों के सम्मान और सांप्रदायिक सौहार्द—पर आधारित कविता प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।
समारोह के दौरान अभिनेता सुगंध ने भी अपने विचार साझा करते हुए कहा कि कला और मंच बच्चों के आत्मविश्वास को निखारने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन उनके अंदर छिपी प्रतिभा को सामने लाते हैं और उन्हें बड़े मंचों के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने विद्यालय के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों पर दिया गया यह ध्यान बच्चों के समग्र विकास के लिए बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। संगीत आचार्य राजन कुमार सिंह की मधुर प्रस्तुति और नृत्य आचार्या मिंटू के कत्थक नृत्य ने समारोह को और भी आकर्षक बना दिया। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक कृष्ण कुमार और प्रधानाचार्या डॉ. सारिका मल्होत्रा ने सभी शिक्षकों, कर्मचारियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों को इस सफलता के लिए धन्यवाद दिया। कुल मिलाकर, यह वार्षिकोत्सव समारोह विद्यालय की उपलब्धियों, सांस्कृतिक समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की झलक पेश करता नजर आया।