सीईसी ज्ञानेश कुमार को हटाने की तैयारी में विपक्ष, संसद में ला सकता है नोटिस

  • Post By Admin on Apr 19 2026
सीईसी ज्ञानेश कुमार को हटाने की तैयारी में विपक्ष, संसद में ला सकता है नोटिस

नई दिल्ली : महिला आरक्षण विधेयक पर संसद में मिली जीत के बाद विपक्ष अब मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी में है। विपक्ष एक बार फिर उन्हें पद से हटाने के लिए संसद में नया नोटिस लाने की तैयारी कर रहा है।सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि विपक्षी इंडिया गठबंधन की पार्टियां इस पर मंथन कर रही हैं और नए मसौदे पर काम शुरू हो चुका है।

रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और द्रविड़ मुनेत्र कडग़म के कम से कम 5 सांसद नए नोटिस का मसौदा तैयार करने में जुटे हैं। सूत्रों ने बताया कि अभी तक यह तय नहीं हुआ है कि नोटिस किस सदन में पेश किया जाएगा। विपक्षी नेता नोटिस पर ज्यादा से ज्यादा सांसदों के हस्ताक्षर सुनिश्चित करने का लक्ष्य रख रहे हैं। कम से कम 200 सांसद जुटाने की कोशिश हो रही है।

पिछले महीने विपक्ष ने ज्ञानेश को हटाने के लिए लोकसभा और राज्यसभा दोनों में नोटिस दिया था। 6 अप्रैल को राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने नोटिस खारिज कर दिया था। इस नोटिस पर लोकसभा के 130 और राज्यसभा के 63 विपक्षी सांसदों ने हस्ताक्षर किए थे। नोटिस में ज्ञानेश पर सरकार के इशारों पर काम करने समेत कई आरोप लगाए गए थे।