बंगाल चुनाव : दूसरे चरण में 142 सीटों पर मतदान, नादिया हिंसा से गरमाया माहौल
- Post By Admin on Apr 29 2026
कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत 142 सीटों पर बुधवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। मतदान केंद्रों पर शुरुआती घंटों से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं, जिससे लोकतंत्र के इस महापर्व को लेकर लोगों में उत्साह स्पष्ट नजर आ रहा है।
भाजपा नेता दिलीप घोष ने केंद्रीय बलों की तैनाती पर भरोसा जताते हुए कहा कि चुनाव आयोग की सख्ती के कारण इस बार मतदान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष होने की उम्मीद है। उन्होंने दावा किया कि मतदाताओं का विश्वास बढ़ा है और इस बार 85 से 90 प्रतिशत तक मतदान हो सकता है।
इसी बीच नादिया जिले से हिंसा की खबर सामने आई है, जहां भाजपा के एक बूथ एजेंट पर कथित रूप से टीएमसी समर्थकों द्वारा जानलेवा हमला किया गया। बंदूक की बट, लाठी और रॉड से की गई पिटाई में एजेंट को सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। भाजपा प्रत्याशी सैकत सरकार ने इस हमले के लिए तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया है।
नोआपारा सीट से भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने कहा कि वे मतदान के बाद अपने क्षेत्र का दौरा करेंगे और शांतिपूर्ण मतदान की उम्मीद जताई। हालांकि उन्होंने बूथ संख्या 238 पर कैमरे की केबल काटे जाने की घटना का जिक्र किया, जिसे बाद में ठीक कर लिया गया।
वहीं भाटपारा सीट से भाजपा प्रत्याशी पवन सिंह ने मतदान के बाद संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि अब तक प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही है। उन्होंने मतदाताओं से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की।
भाजपा नेताओं ने बंगाल में बदलाव की संभावना जताते हुए कहा कि जनता अब पूरी तरह जागरूक है। हालांकि चुनाव के दौरान हिंसा की आशंका को लेकर चिंता भी जताई गई है। प्रशासन और चुनाव आयोग पर निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी है।