पटना : बिहार में मौसम ने अचानक करवट ली है और तापमान में तेजी से गिरावट शुरू हो गई है। जिससे ठंड बढ़ने का अनुमान है। पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के बाद राज्य में तापमान में और गिरावट देखने को मिलेगी। यह बदलाव 16 नवंबर से प्रभावी हो जाएगा और शनिवार तक पूरी तरह से महसूस किया जाएगा।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ गुरुवार को उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में पहुंच चुका है और शनिवार तक वहां से गुजरने की संभावना है। इसके बाद उत्तर-पश्चिमी हवाओं की गति में तेजी आएगी। जिससे मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में गिरावट जारी रहेगी। विभाग ने यह भी बताया कि आसमान साफ रहेगा और ठंडी हवाओं के कारण ठंड में और बढ़ोतरी हो सकती है।

इसके अलावा मौसम विभाग ने पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर और मधुबनी के कुछ हिस्सों में शनिवार तक मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना जताई है। इन क्षेत्रों के लिए गुरुवार को येलो अलर्ट जारी किया गया था। खासतौर पर सुबह के समय दृश्यता कम हो सकती है। जिससे यातायात पर असर पड़ सकता है।

बिहार के निवासियों के लिए यह समय अपनी गर्म कपड़ों की तैयारी करने का है क्योंकि तापमान में इस गिरावट के कारण कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग ने लोगों को सुबह के समय कोहरे से सतर्क रहने और गाड़ी चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है।