संविधान दिवस पर भाजपा ने शुरू किया संविधान गौरव अभियान

  • Post By Admin on Nov 27 2024
संविधान दिवस पर भाजपा ने शुरू किया संविधान गौरव अभियान

मुजफ्फरपुर : संविधान के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा जिला मुख्यालय पर संविधान दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा के जिलाध्यक्ष रंजन कुमार ने बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए संविधान गौरव महोत्सव का शुभारंभ किया। यह महोत्सव संगठन के निर्देशानुसार 26 नवम्बर से लेकर 26 जनवरी 2025 तक मनाया जाएगा।

इस दिन के महत्व को समझाते हुए रंजन कुमार ने बताया कि इस महोत्सव के अंतर्गत प्रदेश से लेकर जिला और मंडल स्तर तक संविधान के प्रति सम्मान और गर्व का माहौल बनाने के लिए समारोहों का आयोजन किया जाएगा। विशेष रूप से संविधान की प्रस्तावना और राज्य के नीति निर्देशक तत्वों पर चर्चा की जाएगी। जिसमें प्रबुद्ध नागरिक और विद्वान बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर की जीवनी पर प्रकाश डालेंगे।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति द्वारा जारी किए गए संविधान की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में विशेष सिक्के और डाक टिकट का अनावरण भी किया गया। इसके अतिरिक्त, “संस्कृत और मैथिली” में संविधान की प्रतियों का भी विमोचन किया गया। साथ ही दो महत्वपूर्ण किताबों ‘भारतीय संविधान का निर्माण: एक झलक’ और ‘भारतीय संविधान का निर्माण और इसकी गौरवशाली यात्रा’ का भी विमोचन किया गया, जो संविधान के इतिहास और महत्व को दर्शाती हैं।

इस मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष रंजन कुमार ने कहा कि इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य भारतीय संविधान के प्रति जनमानस में गर्व और सम्मान की भावना पैदा करना है। उन्होंने यह भी कहा कि अगले दो महीने तक चलने वाले इस महोत्सव में संविधान से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला जाएगा और विशेषकर बाबा साहेब अंबेडकर के योगदान को याद किया जाएगा।

रंजन कुमार ने आगे कहा कि मोदी सरकार ने पिछड़े वर्गों के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। जैसे कि उन्हें पक्का घर, खाद्य सुरक्षा और समग्र विकास के लिए योजनाएं मिल रही हैं। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि भारत में विश्वस्तरीय इन्फ्रास्ट्रक्चर का निर्माण हो रहा है, जो देश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने डॉ. राजेंद्र प्रसाद और डॉ. भीमराव अंबेडकर का आभार व्यक्त किया। जिन्होंने संविधान निर्माण की यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और एक प्रगतिशील और समावेशी समाज की स्थापना की दिशा में मार्गदर्शन किया।

इस अवसर पर भाजपा के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित थे। जिनमें जिला महामंत्री सचिन कुमार, उपाध्यक्ष अंकज कुमार, मंत्री धनंजय झा, नंद किशोर पासवान, मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, मोर्चा अध्यक्ष विजय पांडे, फेकू राम, उमेश पांडे, धर्मेंद्र कुमार अबोध आदि शामिल थे।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली और यह संकल्प लिया कि वे संविधान के आदर्शों का पालन करते हुए देश की समृद्धि और एकता के लिए काम करेंगे। संविधान गौरव महोत्सव का आयोजन भाजपा द्वारा भारतीय संविधान के गौरवमयी इतिहास को पुनः याद करने और उसे जन-जन तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।