छात्रों की आवाज सीधे सरकार तक, बिहार में शुरू हुआ ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’

  • Post By Admin on Aug 18 2026
छात्रों की आवाज सीधे सरकार तक, बिहार में शुरू हुआ ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’

पटना : बिहार के शिक्षण संस्थानों में अब विद्यार्थियों की समस्याओं और सुझावों के समाधान के लिए हर महीने सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को पटना के जेडी वीमेंस कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि 25 अगस्त से राज्य के सभी स्कूलों और छात्रावासों में हर महीने के चौथे मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित होंगे।

इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थियों की शैक्षणिक, छात्रावास से जुड़ी और अन्य समस्याओं के साथ उनके सुझावों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क होगी और शिकायत दर्ज कराने वाले विद्यार्थियों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। सहयोग शिविर और विद्यार्थियों की समस्याओं से जुड़ी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 1100 उपलब्ध कराया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी छात्र की शिकायत पर 10 दिनों के भीतर कार्रवाई शुरू नहीं होती है तो 11वें दिन मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से स्वतः नोटिस जारी किया जाएगा। वहीं, शिकायत का समाधान अधिकतम 30 दिनों के भीतर सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जेडी वीमेंस कॉलेज में मौजूद छात्राओं से संवाद भी किया। उन्होंने छात्राओं से शैक्षणिक गतिविधियों, कॉलेज की सुविधाओं और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी, जवाबदेह और विद्यार्थी केंद्रित बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सहयोग शिविर और विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के माध्यम से सरकार विद्यार्थियों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना चाहती है।