अंतर्राष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
- Post By Admin on Nov 26 2024

लखीसराय : महिला एवं बाल विकास निगम लखीसराय के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस के अवसर पर हलसी परियोजना कार्यालय परिसर में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. मनोज कुमार सिन्हा ने की। डॉ. सिन्हा ने आंगनबाड़ी सेविकाओं को संबोधित करते हुए बताया कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा को समाप्त करने और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हर साल 25 नवंबर को यह दिवस मनाया जाता है।
उन्होंने सेविकाओं को अपने-अपने क्षेत्रों में इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने बताया कि यह दिवस 15 दिनों तक हिंसा उन्मूलन पखवाड़ा के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न प्रखंडों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों को उनके अधिकारों के प्रति सजग करना और उन्हें स्वतंत्र रूप से राष्ट्र निर्माण में भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में बताया गया कि महिलाएं किसी भी प्रकार की सहायता के लिए जिला महिला सशक्तिकरण कार्यालय या महिला हेल्पलाइन टोल फ्री नंबर 181 पर 24x7 संपर्क कर सकती हैं। इस सुविधा से महिलाएं किसी भी समय जानकारी या सहायता प्राप्त कर सकती हैं। कार्यक्रम में लैंगिक विशेषज्ञ नवीन कुमार और प्रखंड समन्वयक कन्हैया कुमार ने भी अपने विचार साझा किए। महिला पर्यवेक्षिकाओं में अंजली कुमारी, शर्मिला कुमारी, रीना कुमारी सहित दर्जनों आंगनबाड़ी सेविकाएं उपस्थित रहीं। सभी सेविकाओं को अपने पोषक क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर सीमा कुमारी, अनीता कुमारी, रंजू कुमारी, बेबी कुमारी, बबिता कुमारी सहित अन्य सेविकाओं की सक्रिय भागीदारी रही।