धूप, बारिश और फिर उमस का दौर, मौसम की आंख-मिचौली से लोग परेशान

  • Post By Admin on Aug 16 2026
धूप, बारिश और फिर उमस का दौर, मौसम की आंख-मिचौली से लोग परेशान

लखीसराय : सावन के पावन महीने में जहां लोगों को रिमझिम बारिश और सुहाने मौसम की उम्मीद रहती है, वहीं इन दिनों जिले में मौसम का बदला मिजाज लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। कभी तेज धूप, तो कभी हल्की बारिश और उसके बाद बढ़ती उमस ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। चिपचिपाती गर्मी के कारण घरों में एसी, कूलर और पंखे भी अपेक्षित राहत नहीं दे पा रहे हैं।

मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर आम जनजीवन पर भी दिखाई दे रहा है। अचानक धूप निकलने और कुछ ही देर बाद बारिश होने के बाद वातावरण में नमी बढ़ जाती है, जिससे उमस और बेचैनी और अधिक बढ़ जाती है। इस कारण लोगों को घर से बाहर निकलने के साथ-साथ घरों के अंदर भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बुजुर्ग, बच्चे और गर्भवती महिलाएं अधिक प्रभावित

मौसम की इस दोहरी मार का सबसे अधिक असर बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं पर पड़ रहा है। छोटे बच्चों और बुजुर्गों में मौसमी परेशानियां बढ़ रही हैं। वहीं, गर्भवती महिलाओं को उमस के कारण बेचैनी, कमजोरी और घबराहट जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

मरीजों के लिए बढ़ी परेशानी

गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों और सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों के लिए उमस भरा मौसम और अधिक परेशानी बढ़ा रहा है। अस्पताल के वार्डों से लेकर घरों तक मरीजों को पसीने और घुटन जैसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। एसी, कूलर और पंखे लगातार चलने के बावजूद वातावरण में नमी अधिक होने के कारण राहत सीमित रह रही है।

सेहत को लेकर सावधानी जरूरी

सावन में धार्मिक गतिविधियों और भक्ति के बीच बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है। जानकारों के अनुसार, ऐसे मौसम में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, हल्का और संतुलित भोजन लेना तथा अनावश्यक रूप से तेज धूप में निकलने से बचना चाहिए। मौसम में अचानक बदलाव के दौरान विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।