समस्तीपुर : जिले में बढ़ती ठंड और सुबह-शाम के कम तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने कक्षा 1 से 8 (प्री-प्राइमरी समेत) तक के सभी निजी और सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगाने का आदेश जारी किया है। जिला दंडाधिकारी रोशन कुशवाहा ने आदेश दिया है कि 6 जनवरी 2025 से लेकर 9 जनवरी 2025 तक यह प्रतिबंध लागू रहेगा। जिला प्रशासन ने यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन की सुरक्षा के मद्देनजर लिया है, क्योंकि अत्यधिक ठंड विशेष रूप से सुबह और शाम के समय बच्चों के लिए खतरनाक हो सकती है। इसके अलावा, स्कूलों के लिए समय में भी बदलाव किया गया है। अब अन्य कक्षाओं के लिए सुबह 10:00 बजे से पहले और शाम 4:00 बजे के बाद शैक्षणिक गतिविधियां नहीं चलेंगी। इस आदेश के तहत प्री-बोर्ड और बोर्ड परीक्षा के लिए संचालित विशेष कक्षाओं और परीक्षाओं पर कोई रोक नहीं रहेगी और वे अपनी तय तारीखों पर जारी रहेंगी। दिशानिर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी को आदेश दिया गया है। इसके अलावा, समस्तीपुर के सभी अनुमंडल और प्रखंड स्तर के अधिकारियों को भी इस आदेश की जानकारी दी गई है ताकि वे इस आदेश को प्रभावी ढंग से लागू कर सकें।