अशोक धाम महोत्सव 2025 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न

  • Post By Admin on Apr 05 2025
अशोक धाम महोत्सव 2025 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न

लखीसराय : आगामी अशोक धाम महोत्सव 2025 की तैयारियों को लेकर आज समाहरणालय स्थित जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। यह महोत्सव 7 से 9 अप्रैल तक भव्य रूप से आयोजित किया जाना है। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, अशोक धाम ट्रस्ट के सदस्य एवं सांस्कृतिक सलाहकार शामिल हुए।

बैठक में चर्चा के दौरान तय किया गया कि महोत्सव को धार्मिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों से समृद्ध बनाया जाएगा। खास तौर पर विद्यालयी स्तर पर चित्रकला, निबंध लेखन, प्रश्नोत्तरी और संस्कृत श्लोक वाचन जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिनकी विषयवस्तु भगवान शिव और देवी शक्ति पर केंद्रित रहेगी। इन आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति और मूल्यों के प्रति चेतना जागृत करने का प्रयास किया जाएगा। महोत्सव के पहले दिन प्रभात फेरी, शोभा यात्रा और शिवार्चन के साथ कार्यक्रम का उद्घाटन होगा। इसी दिन लखीसराय के प्रवासियों से संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से 'रिकनेक्ट लखीसराय' कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। शाम को भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा जिसमें आमंत्रित कलाकार भक्तिमय प्रस्तुति देंगे।

दूसरे दिन विद्यालयी प्रतियोगिताओं के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ होंगी। तीसरे दिन निबंध लेखन और श्लोक वाचन प्रतियोगिता के साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जिनमें छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस महोत्सव का उद्घाटन बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा करेंगे। इसके अतिरिक्त प्रसिद्ध अभिनेता श्री विकास कुमार विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ेगी। तीनों दिनों में पूजा-अर्चना और प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की जाएगी।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि वे समयबद्ध कार्य योजना बनाकर परस्पर समन्वय के साथ कार्य करें ताकि महोत्सव को सफलतापूर्वक संपन्न किया जा सके और यह आयोजन जिले की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने में सहायक बने।