अशोक धाम में होगा भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम, 22 जोड़े बंधेंगे वैवाहिक बंधन में

  • Post By Admin on Apr 13 2025
अशोक धाम में होगा भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम, 22 जोड़े बंधेंगे वैवाहिक बंधन में

लखीसराय : सामाजिक समरसता और कुरीतियों के उन्मूलन की दिशा में एक अनुकरणीय पहल करते हुए अशोक धाम स्थित श्री इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में सोमवार को सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या एक में स्थित मंदिर ट्रस्ट द्वारा 14 अप्रैल को किया जा रहा है।

श्री इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट से जुड़े प्रोफेसर मनोरंजन कुमार ने जानकारी दी कि ट्रस्ट पिछले 21 वर्षों से निरंतर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के सामूहिक विवाह का आयोजन करता आ रहा है। इस वर्ष के आयोजन में 22 जोड़ों ने वैवाहिक जीवन में प्रवेश करने के लिए पंजीकरण कराया है।

ट्रस्ट का उद्देश्य न केवल जरूरतमंद परिवारों की सहायता करना है, बल्कि बाल विवाह और दहेज जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जन-जागरूकता फैलाना भी है। अब तक मंदिर ट्रस्ट की ओर से कुल 520 जोड़ियों का विवाह संपन्न कराया जा चुका है।

स्थानीय लोगों में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह है और सामाजिक संगठनों के साथ-साथ अनेक गणमान्य अतिथियों के भी समारोह में शामिल होने की संभावना है। अशोक धाम में होने वाला यह आयोजन एक सामाजिक चेतना का उदाहरण बनता जा रहा है।