लखीसराय : राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) ने बिहार में अपने 40 लाख सदस्यों का दावा करते हुए संगठनात्मक मजबूती पर जोर दिया है। बीते सोमवार को लखीसराय जिला मुख्यालय के कुशवाहा मार्केट स्थित सभागार में पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विनोद कुमार कुशवाहा ने की। जबकि युवा लोक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष और सुल्तानगंज से एनडीए प्रत्याशी रहे हिमांशु पटेल ने इसकी देखरेख की।
बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सह प्रवक्ता फजल इमाम मल्लिक ने कहा कि संगठन को मजबूत करने और सदस्यता अभियान की समीक्षा के लिए यह बैठक आयोजित की गई। उन्होंने बताया कि पार्टी बूथ स्तर तक सक्रिय सदस्य बनाने पर जोर दे रही है। 15 जनवरी के बाद एनडीए की बैठक में पार्टी की हिस्सेदारी और संगठनात्मक स्थिति पर चर्चा होगी।
फजल इमाम मल्लिक ने बताया कि बिहार में अब तक 40 लाख से अधिक सदस्य बनाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में पार्टी का सदस्यता अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लखीसराय में चल रहे अभियान की प्रशंसा करते हुए इसे जिले में मजबूत बताया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पार्टी की विचारधारा, विशेषकर सामाजिक न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अभियान चलाया जाएगा।
युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु पटेल ने कहा कि पार्टी का बूथ स्तर तक सदस्यता अभियान पूरा हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए के 225 सीटों के लक्ष्य को पूरा करने में रालोमो की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
जिलाध्यक्ष विनोद कुशवाहा ने बताया कि पार्टी ने जिले के सभी प्रखंड और नगर परिषद क्षेत्रों में बूथ स्तर तक सदस्यता अभियान पूरा कर लिया है। उन्होंने कहा कि लखीसराय जिले की दोनों विधानसभा सीटों पर एनडीए की जीत सुनिश्चित करना पार्टी का मुख्य उद्देश्य है।
बैठक में प्रदेश महासचिव रंजीत कुमार गुप्ता, जिला संगठन प्रभारी देवन मुखिया, प्रदेश सचिव राजकुमार कुशवाहा सहित कई प्रमुख नेता मौजूद थे। महिला जिला अध्यक्ष जूली कुशवाहा, अजय पटेल, जितेंद्र कुमार, रामप्रवेश सिंह, रामचंद्र महतो, सुधीर कुमार, टनटन, मुकेश कुमार, सूरज मौर्या, रामदास महतो और विनोद महतो सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी संगठन की मजबूती पर जोर दिया।




















