बीआरएबीयू शतरंज टूर्नामेंट : आरबीबीएम कॉलेज बना विजेता, एसकेजे लॉ कॉलेज उपविजेता

  • Post By Admin on Aug 19 2026
बीआरएबीयू शतरंज टूर्नामेंट : आरबीबीएम कॉलेज बना विजेता, एसकेजे लॉ कॉलेज उपविजेता

मुजफ्फरपुर : डॉ. राम मनोहर लोहिया स्मारक महाविद्यालय में बीआरए बिहार विश्वविद्यालय अंतर-महाविद्यालय शतरंज टूर्नामेंट का दो दिवसीय आयोजन शुरू हो गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। टूर्नामेंट में विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले 18 महाविद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए आरएमएलएस कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) मनोज कुमार ने विभिन्न महाविद्यालयों से पहुंचे खिलाड़ियों का स्वागत किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। विश्वविद्यालय के खेल सचिव डॉ. अशोक कुमार साह ने प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कॉलेजों में खेल व्यवस्था को और मजबूत एवं बेहतर बनाने पर जोर दिया। इससे पहले कॉलेज के स्पोर्ट्स इंचार्ज डॉ. अब्दुल अजीज टिके ने अतिथियों और प्रतिभागी टीमों का स्वागत किया।

कार्यक्रम का संचालन मुकेश कुमार सरदार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. हरिश्चन्द्र प्रसाद यादव ने किया। इसके बाद मुख्य अतिथि, प्राचार्य और एक प्रतिभागी खिलाड़ी ने शतरंज बोर्ड पर पहली चाल चलकर प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत की।

महिला वर्ग में आरबीबीएम कॉलेज ने मारी बाजी

प्रतियोगिता के पहले दिन महिला वर्ग में रोमांचक मुकाबले हुए। महिला वर्ग में कुल 8 टीमों ने भाग लिया और सात राउंड के मुकाबले खेले गए। इसमें रामवृक्ष बेनीपुरी महिला महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर की टीम ने सर्वाधिक 6 अंक हासिल कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं, श्रीकृष्ण जुबली (एसकेजे) लॉ कॉलेज, मुजफ्फरपुर की टीम उपविजेता रही।

पुरुष वर्ग के मुकाबले जारी

पुरुष वर्ग में समाचार लिखे जाने तक तीन राउंड के मुकाबले पूरे हो चुके थे। शेष राउंड के मुकाबले जारी थे। पुरुष वर्ग के विजेता का फैसला आगामी राउंड के परिणाम के बाद होगा।

आयोजन की सफलता और महिला वर्ग में आरबीबीएम कॉलेज की जीत पर आरएमएलएस कॉलेज के प्राचार्य एवं विश्वविद्यालय के खेल सचिव ने सभी विजेता और प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।