लखीसराय सदर अस्पताल में सफाईकर्मी की मौत का खुलासा, छह घंटे में आरोपी गिरफ्तार

  • Post By Admin on Aug 18 2026
लखीसराय सदर अस्पताल में सफाईकर्मी की मौत का खुलासा, छह घंटे में आरोपी गिरफ्तार

लखीसराय : सदर अस्पताल में सफाईकर्मी कुसमा देवी की मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज छह घंटे में मामले का खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी कुसमा देवी को आपत्तिजनक फोटो और वीडियो के जरिए मानसिक रूप से परेशान और ब्लैकमेल कर रहा था। आरोपी के मोबाइल फोन से मृतका से संबंधित आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त 2026 को कबैया थाना को सूचना मिली थी कि सदर अस्पताल में एक सफाईकर्मी ने बंद कमरे में फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए जांच शुरू की। एफएसएल टीम की मौजूदगी में घटनास्थल की जांच, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। मृतका की पहचान कुसमा देवी (26), पति रवि पासवान, निवासी दामोदरपुर, वार्ड नंबर-01, लखीसराय के रूप में हुई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर कबैया थाना और तकनीकी शाखा की मदद से एसआईटी का गठन किया गया। जांच टीम ने सदर अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की। फुटेज में एक व्यक्ति मृतका को परेशान करता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने फुटेज के आधार पर उसकी पहचान नीतीश कुमार के रूप में की और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान नीतीश कुमार ने कुसमा देवी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की बात स्वीकार की। उसके मोबाइल फोन की जांच में कुसमा देवी के कई आपत्तिजनक फोटो और वीडियो मिले। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, पूछताछ में सामने आए तथ्यों और मोबाइल से बरामद सामग्री के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीतीश कुमार उर्फ नीतीश राज, पिता शंकर राम, निवासी जयनगर बड़ी कबैया, थाना कबैया, जिला लखीसराय के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया है, जिसमें मृतका से संबंधित आपत्तिजनक फोटो और वीडियो पाए गए हैं।

परिजनों के आवेदन के आधार पर कबैया थाना कांड संख्या 311/26, दिनांक 16 अगस्त 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में कुसमा देवी और नीतीश कुमार के बीच प्रेम-प्रसंग की बात सामने आई है। आरोप है कि नीतीश के पास कुसमा देवी के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो थे और वह इन्हें लेकर उसे ब्लैकमेल करता था। पुलिस के मुताबिक, मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर कुसमा देवी ने आत्महत्या कर ली।

मामले की जांच और गिरफ्तारी अभियान में कबैया थानाध्यक्ष पु0अ0नि0 रंधीर कुमार, पु0अ0नि0 दिलीप चौधरी, सअ0नि0 राजू प्रसाद, सशस्त्र बल के जवान और डीआईयू टीम लखीसराय शामिल रही।