नैनीताल : उत्तराखंड के नैनीताल में शुक्रवार से नंदा देवी महोत्सव का भव्य आगाज हो गया। परंपरा के अनुसार ज्योलीकोट के चोपड़ा गांव से कदली वृक्ष (केले का पेड़) नगर लाया गया, जिसके आगमन के साथ ही पूरा शहर “जय मां नंदा देवी” के जयकारों से गूंज उठा और माहौल भक्तिमय बन गया।

कदली वृक्ष को सूखाताल स्थित वैष्णो देवी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद नगर भ्रमण के लिए निकाला गया। भक्तों ने परंपरा निभाते हुए इसे कंधों पर उठाकर नगर परिक्रमा करवाई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने आगे सफेद और पीछे लाल झंडा धारण किया। शोभायात्रा के उपरांत वृक्ष को नयना देवी मंदिर पहुंचाया गया, जहां मूर्ति निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी। नन्दा अष्टमी के दिन मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा कर भक्तों के लिए दर्शन खोले जाएंगे।

स्थानीय महिलाओं, बच्चों और ग्रामीणों में महोत्सव को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालु कमला कुंजवाल ने बताया कि “भक्तों को इस मेले का पूरे साल इंतजार रहता है। यह महोत्सव वर्ष में केवल एक बार होता है, इसलिए लोगों की आस्था और उमंग इससे जुड़ी रहती है।”

राम सेवक सभा की देखरेख में आयोजित इस महोत्सव को लेकर चोपड़ा गांव में कदली वृक्ष लाने से पहले पूरी रात भजन-कीर्तन हुआ। सभा पदाधिकारी कैलाश जोशी ने कहा कि “कदली वृक्ष के नगर प्रवेश पर जगह-जगह भव्य स्वागत हुआ और शहर माता के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।”

नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में नंदा देवी महोत्सव आस्था और विश्वास का बड़ा केंद्र माना जाता है। हर साल हजारों श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए यहां पहुंचते हैं और शहर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में डूब जाता है।