जम्मू-कश्मीर : माता वैष्णो देवी यात्रा दोबारा शुरू, सुरक्षा और सुविधा के कड़े इंतजाम

  • Post By Admin on Sep 18 2025
जम्मू-कश्मीर : माता वैष्णो देवी यात्रा दोबारा शुरू, सुरक्षा और सुविधा के कड़े इंतजाम

नई दिल्ली : माता वैष्णो देवी के भक्तों के लिए राहत भरी खबर है। लगातार खराब मौसम और भूस्खलन के बाद स्थगित की गई यात्रा गुरुवार से दोबारा शुरू हो गई है। माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इसकी जानकारी साझा करते हुए लिखा, “जय माता दी। श्री माता वैष्णो देवी यात्रा आज फिर से शुरू हुई।”

श्राइन बोर्ड के मुताबिक, तीर्थयात्रा पंजीकरण काउंटर गुरुवार सुबह 4 बजे से फिर से खोल दिए गए हैं। इससे पहले 14 सितंबर से शुरू होने वाली यात्रा भारी बारिश और सुरक्षा कारणों से रोक दी गई थी।

मौसम और सुरक्षा को देखते हुए लिया गया फैसला

श्राइन बोर्ड ने बताया कि यात्रा को दोबारा शुरू करने का निर्णय मौसम में सुधार और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बाद लिया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं और भवन व मार्ग पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

भूस्खलन में गई थीं 35 से ज्यादा जानें

गौरतलब है कि 26 अगस्त को जम्मू संभाग में भूस्खलन के कारण माता वैष्णो देवी मार्ग पर बड़ा हादसा हुआ था, जिसमें 35 से अधिक श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी और 10 से ज्यादा घायल हुए थे। इसके बाद से यात्रा कई बार स्थगित की गई।

इस घटना के बाद प्रशासन ने कटरा में होटलों और धर्मशालाओं को खाली कराने का आदेश दिया था। श्राइन बोर्ड की लापरवाही को लेकर आलोचना भी हुई थी। यहां तक कि जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने भी बोर्ड के अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया था।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने तब अर्धकुंवारी के पास हुए भूस्खलन की जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित करने का आदेश दिया था।

श्रद्धालुओं से अपील

श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों और प्रशासनिक निर्देशों पर ध्यान दें। साथ ही, सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए केवल पंजीकृत मार्ग और निर्धारित व्यवस्थाओं का ही पालन करें।