केंदीय मंत्री गिरिराज सिंह को मिली पाकिस्तान से जान से मारने की धमकी
- Post By Admin on Sep 27 2024

नई दिल्ली : बेगूसराय के सांसद सह केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को और उनके प्रतिनिधि एवं भाजपा नेता अमरेंद्र कुमार अमर को पाकिस्तान से मोबाइल पर जान से मारने की धमकी मिली है। इस घटना ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। अमरेंद्र कुमार अमर ने बताया कि उन्हें और गिरिराज सिंह को व्हाट्सएप कॉल के जरिए धमकी दी गई।
आसपास के लोगों ने इस घटना को लेकर चिंता व्यक्त की है। अमरेंद्र कुमार अमर ने नगर थाना पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि वे आज कोर्ट परिसर की ओर जा रहे थे, तभी एक पाकिस्तानी नंबर से उन्हें यह धमकी मिली।अमरेंद्र सिंह का कहना है कि इससे पहले भी धमकी भरे कॉल आए थे। जिसकी जानकारी एसपी को दी गई थी। लेकिन शायद उन शिकायतों को पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया। और पाकिस्तान से आया धमकी भरा कॉल उसी कड़ी का हिस्सा लग रहा है।
इस संबंध में अमरेंद्र कुमार ने बेगूसराय के एसपी मनीष कुमार को सूचना दी है और जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच एनआईए और सीबीआई से कराई जाए, साथ ही उनकी सुरक्षा को लेकर भी गुहार लगाई गई है।
गौरतलब है कि हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान गिरिराज सिंह पर हमला हुआ था, जब बेगूसराय में जनता दरबार के समापन के बाद उनके ऊपर आम आदमी पार्टी के एक कार्यकर्ता ने मुक्का चला दिया और उनके साथ हाथापाई भी की। इससे कुछ देर के लिए प्रखंड कार्यालय के समीप अफरातफरी मच गई। हालांकि केन्द्रीय मंत्री को कोई चोट नहीं पहुंची। पुलिस ने हमलावर बलिया नगर परिषद क्षेत्र के लखमिनिया वार्ड-25 के पार्षद शहजादुज्जमा उर्फ सैफी को हिरासत में ले लिया था। जिसके बाद गिरिराज ने कहा था कि वो ऐसी करतूतों से डरने वाले नहीं हैं।
अब पाकिस्तान से धमकी मिलने के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है, और सुरक्षा के उपायों पर विचार किया जा रहा है।