मुजफ्फरपुर : बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए निर्वाचक सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया जोरों पर है। 29 जुलाई से शुरू हुए इस अभियान के तहत अब तक ऑफलाइन माध्यम से 10,286 और ऑनलाइन माध्यम से 2,528 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इन आवेदनों में सीतामढ़ी जिले से 1,877, शिवहर से 795, मुजफ्फरपुर से 5,364 और वैशाली से 2,250 आवेदन शामिल हैं। इस प्रकार कुल मिलाकर 12,814 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

निर्वाचक निबंधन के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 3 सितंबर है, और इस दौरान इच्छुक उम्मीदवार विहित प्रपत्र फार्म 18 के माध्यम से अपने नाम जुड़वा सकते हैं। आवेदन पत्र जिला मुख्यालय, अनुमंडल मुख्यालय, प्रखंड मुख्यालय और चारों जिलों के सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं।

प्रमंडलीय आयुक्त सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, श्री गोपाल मीणा ने अधिक से अधिक लोगों से इस प्रक्रिया में भाग लेने और अपने नाम निर्वाचक सूची में जुड़वाने की अपील की है, ताकि आगामी चुनावों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके।