मुजफ्फरपुर में गरजे PK - बिहार के युवा गुजरात में मजदूरी करें और दिल्ली में सिर्फ भाषण हो

  • Post By Admin on Feb 12 2026
मुजफ्फरपुर में गरजे PK - बिहार के युवा गुजरात में मजदूरी करें और दिल्ली में सिर्फ भाषण हो

मुजफ्फरपुर : जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर गुरुवार को "बिहार नवनिर्माण अभियान" के तहत मुजफ्फरपुर पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से संवाद करते हुए राज्य की राजनीति, लोकतंत्र और रोजगार के मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी।

मीडिया ब्रीफिंग के दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि वे जनता की समस्याओं और सवालों को लगातार उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जितने ज्यादा विकल्प जनता के सामने होंगे, उतना ही फायदा जनता को होगा। राजनीति का असली उद्देश्य जनता को सशक्त बनाना और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना होना चाहिए।

इस दौरान प्रशांत किशोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा कि चुनाव खत्म होने के बाद प्रधानमंत्री बिहार आना ही बंद कर देते हैं। बिहार के बच्चे आज भी छठ पर्व के बाद रोज़गार की तलाश में गुजरात और अन्य राज्यों में मजदूरी करने जा रहे हैं, लेकिन बिहार में उद्योग और फैक्ट्रियां लगाने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है।

प्रशांत किशोर ने कहा कि अगर केंद्र सरकार सच में बिहार के विकास को लेकर गंभीर है, तो यहां स्थायी रोजगार के अवसर पैदा करने चाहिए, ताकि युवाओं को पलायन न करना पड़े। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि बिहार को केवल चुनावी भाषणों की नहीं, बल्कि वास्तविक निवेश, उद्योग और रोजगार की जरूरत है।

प्रशांत किशोर की इस मीडिया ब्रीफिंग को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है और इसे आगामी चुनावों के मद्देनज़र महत्वपूर्ण माना जा रहा है।